देहरादून। उत्तराखंड पुलिस की मुस्तैदी से किडनैपिंग और फिरौती के एक सनसनीखेज मामले का चंद घंटों में खुलासा हो गया। मामला विकासनगर क्षेत्र का है, जहां युवक का अपहरण कर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता श्रीमती पुष्पा देवी, निवासी भोजावाला विकासनगर, ने थाना पहुंचकर शिकायत दी कि कुछ अज्ञात लोग वाहन संख्या UK-07-FS-4482 और एक मोटरसाइकिल से उनके घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने उनके पुत्र शक्ति पुंडिर के साथ मारपीट कर उसे कार में अगवा कर लिया। कुछ देर बाद अज्ञात नंबर से कॉल कर युवक को छोड़ने के बदले एक लाख रुपये की मांग की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली विकासनगर में तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, वाहन स्वामी की जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। देर रात दबिश देकर युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया तथा पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को धार्मिक संगठन से जुड़ा बताकर नशे के आदी युवकों को झूठे मामलों में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते थे। इस मामले में भी युवक पर मादक पदार्थ तस्करी का झूठा आरोप लगाकर फिरौती वसूलने की साजिश रची गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में विकास वैरागी, नीरज, प्रवीन, सचिन और नवीन शामिल हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
